गोमती रिवरफ्रंट पर महाराजा सुहेलदेव की सोने की प्रतिमा लगवाएंगे, अखिलेश यादव का बड़ा ऐलान – A gold statue of maharaja suheldev will be installed on the gomti riverfront, Akhilesh yadav big announcement
उत्तर प्रदेश की सियासत में महाराजा सुहेलदेव एक बार फिर से चर्चा के केंद्र में हैं। मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बहराइच के चित्तौरा झील के पास 11वीं सदी के महान शासक महाराजा सुहेलदेव की 40 फीट ऊंची और 17 टन वजनी कांस्य प्रतिमा का भव्य अनावरण किया। इसी के जवाब में समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि अगर 2027 में समाजवादी पार्टी सत्ता में आती है तो वह लखनऊ के गोमती रिवरफ्रंट पर महाराजा सुहेलदेव की सोने की प्रतिमा स्थापित करेंगे। मुख्यमंत्री योगी ने प्रतिमा अनावरण के दौरान कहा कि महाराजा सुहेलदेव ने 1033 ईस्वी में महमूद गजनवी के सेनापति गाजी सालार मसूद को पराजित किया था। उन्होंने विपक्षी पार्टियों पर निशाना साधते हुए कहा, कांग्रेस, सपा और अन्य दलों ने महाराजा सुहेलदेव की विरासत की उपेक्षा की है। यह स्मारक पहले क्यों नहीं बना? उन्होंने हमारे गौरवशाली इतिहास को वोट बैंक की राजनीति के कारण भुला दिया। सीएम योगी ने विपक्ष पर यह भी आरोप लगाया कि वे विदेशी आक्रमणकारियों के खिलाफ कभी नहीं बोलते, क्योंकि वे मुस्लिम वोट बैंक की तुष्टिकरण नीति में फंसे हैं। इसी दिन शाम को समाजवादी पार्टी मुख्यालय में आयोजित विजय दिवस कार्यक्रम में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सीधा जवाब देते हुए कहा, जब उत्तर प्रदेश में समाजवादी सरकार बनेगी, हम महान सम्राट महाराजा सुहेलदेव की चमचमाती स्वर्ण प्रतिमा लखनऊ के गोमती रिवरफ्रंट पर स्थापित करेंगे। कार्यक्रम में सपा के वरिष्ठ नेता जैसे उदय प्रताप सिंह, नरेश उत्तम पटेल, राजेंद्र चौधरी और श्याम लाल पाल मौजूद रहे। अखिलेश यादव ने आगामी 2027 विधानसभा चुनावों को लेकर कहा कि भाजपा एक धोखेबाज़ पार्टी है, जो चुनावों में बेईमानी करती है। उन्होंने चुनाव आयोग से निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने की अपील की। गोमती रिवरफ्रंट पर महाराजा सुहेलदेव की सोने की प्रतिमा लगवाएंगे, अखिलेश यादव का बड़ा ऐलान – A gold statue of maharaja suheldev will be installed on the gomti riverfront, Akhilesh yadav big announcement