
छत्तीसगढ़ में साय सरकार के मंत्रियों और विधायकों के कार्यों की समीक्षा अब भाजपा संगठन के शीर्ष पदाधिकारियों द्वारा की जाएगी। इसी क्रम में भाजपा विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक 18 जून 2025 को दोपहर 12 बजे प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित की जाएगी। इस बैठक में सभी विधायकों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश जारी कर दिया गया है।
बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के कई बड़े नेता शामिल होंगे, जिनमें अखिल भारतीय सह संगठन मंत्री शिव प्रकाश, प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल और प्रांत संगठन मंत्री पवन साय प्रमुख हैं।
जानकारी के अनुसार, इस बैठक में भाजपा द्वारा चलाए जा रहे संकल्प से सिद्धि अभियान की समीक्षा की जाएगी, जो मोदी सरकार के 11 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में देशभर में चलाया जा रहा है।
इस अभियान के तहत गांव-गांव जाकर सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। बैठक में विधायकों से उनके क्षेत्रों में इस अभियान के अंतर्गत अब तक किए गए कार्यों और भविष्य की योजनाओं पर रिपोर्ट ली जाएगी।
बैठक में आगामी मानसून सत्र 2025 को लेकर भी चर्चा की जा सकती है। इस दौरान विधायकों को सत्र के लिए रणनीतिक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
दूसरी ओर, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा 17 जून को सुबह 11 बजे मंत्रालय में विभागीय कार्यों की समीक्षा बैठक लेंगे। इस बैठक में राजस्व, आपदा प्रबंधन, भूमि अधिग्रहण, नक्शा निरीक्षण और ई-गवर्नेंस से जुड़ी योजनाएं, जैसे डिजिटल क्रॉप सर्वे और जीआईएस कार्यों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी।
बैठक में नवपदस्थ नायब तहसीलदारों, भू-अभिलेख अधिकारियों एवं अन्य राजस्व अधिकारियों की पदोन्नति प्रक्रियाओं पर भी चर्चा होगी।
भाजपा विधायक दल की बैठक 18 जून को, साय सरकार के मंत्रियों और विधायकों के कार्यों की होगी समीक्षा –
BJP legislature party meeting on june 18, work of ministers and MLAs of the government will be reviewed