
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की केंद्र सरकार के 11 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में जश्न का माहौल है। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में मंगलवार को विशेष प्रदर्शनी का आयोजन कर केंद्र सरकार की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया। इस प्रदर्शनी का उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी भी उपस्थित रहे।
प्रदर्शनी में मोदी सरकार के तीनों कार्यकाल पहला (2014-2019), दूसरा (2019-2024) और तीसरे कार्यकाल की शुरुआत में अपनाई गई नीतियों को आकर्षक और सामाजिक दृष्टिकोण से प्रस्तुत किया गया। इसमें जनकल्याणकारी योजनाओं, डिजिटल इंडिया, महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भर भारत, विदेश नीति में बदलाव, किसानों के हितों में लिए गए फैसलों, और वैश्विक मंचों पर भारत की भूमिका को प्रमुखता दी गई।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी को भारत के पुनर्जागरण का सूत्रधार बताते हुए कहा कि बीते 11 वर्षों में भारत ने विकास, आत्मनिर्भरता और राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं।
उन्होंने कहा कि 2014 से पहले भारत केवल शांति की अपील करता था, लेकिन अब अगर कोई देश आतंकवाद के जरिए भारत को चुनौती देता है, तो उसे सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर जैसे सशक्त जवाब मिलते हैं। यह बदलाव प्रधानमंत्री की निर्णायक और साहसी नीतियों की वजह से संभव हो सका है।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मोदी सरकार की उपलब्धियों को राष्ट्र निर्माण के 1100 वर्षों के बराबर बताया। उन्होंने कहा कि इन वर्षों में जो कार्य गरीबी उन्मूलन, कृषि समृद्धि, महिला सशक्तिकरण, और युवाओं को अवसर देने के लिए किए गए हैं, वे अभूतपूर्व हैं। भारत की वैश्विक छवि में जो उन्नति हुई है, वह भी मोदी युग की विशेषता है।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने प्रधानमंत्री की नीतियों को पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद सिद्धांत की जीवंत अभिव्यक्ति करार दिया। उन्होंने बताया कि मोदी सरकार की वजह से अब तक 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से ऊपर उठे हैं, जो कि सामाजिक और आर्थिक न्याय की दिशा में बड़ा कदम है।
मोदी सरकार के 11 साल पूरे होने पर सीएम योगी ने किया विशेष प्रदर्शनी का उद्घाटन, गिनाईं सरकार की उपलब्धियां –
On completion of 11 years of modi government, CM yogi inaugurated a special exhibition and listed the achievements of the government